आइटीआर फाइल करने के लिए सीए, टैक्स एडवाइजरों के पास लगी भीड़
incom tax return:
बुरहानपुर। कल रात यानी सोमवार रात 12 बजे तक इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने की अंतिम तारीख है। इस अवधि तक पात्रता रखने वाले अगर रिटर्न फाइल नहीं करते हैं तो लापरवाही भारी पड़ सकती है। क्योंकि इसके बाद अगर कोई रिटर्न फाइल करता है तो उसे अलग-अलग स्थिति में 1000 से 5000 हजार रुपए तक लेट फीस के रूप में चुकाने पड़ सकते हैं। यह राशि चुकाने पर ही रिटर्न फाइल किया जा सकेगा।
इसलिए आइटीआर फाइल करने के लिए पात्रता रखने वालों की भीड़ टैक्स एडवाइजरों और सीए के ऑफिसों में लगी। रविवार होने के बाद भी सीए और टैक्स एडवाइजरों के ऑफिस सुबह से खुले। हालात ये रहे सुबह से रिटर्न फाइल करवाने वाले ऑफिस में पहुंचने लगे थे। ऑफिसों में मजमा लगा तो सीए और टैक्स एडवाइजरों के भी पसीने छूट गए, क्योंकि एक के बाद एक लगातार करदाताओं के फाइल आनालाइन भरना पड़ रही थी। सीए और टैक्स एडवाइजर दोपहर का भोजन तक नहीं कर पा रहे थे।
कर सलाहकार ललित जैन ने बताया जिन व्यक्तियों का ऑडिट नहीं होता है, उनके इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने की तिथि 31 जुलाई है। यदि इस तिथि के बाद रिटर्न फाइल करेंगे तो उन्हें 1000 और 5000 लेट फीस लगेगी। इसी के बाद उनका रिटर्न फाइल हो सकता है। नॉन ऑडिटेड इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने के लोगों की लाइन लगी हुई है । इनकम टैक्स विभाग द्वारा भी जागरूकता अभियान चलाया गया। सोशल मीडिया और टेक्स्ट मैसेज भेज कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। ललित जैन ने बताया जिनकी आय ढाई लाख रुपए से अधिक है वें रिटर्न फाइल करने की पात्रता रखते हैं, लेकिन टैक्स सालाना पांच लाख रुपए तक की इनकम पर लगता है।
अगर आप नौकरीपेशा है। कंपनी ने कर्मचारी के वेतन पर टैक्स डिडक्शन एट सोर्स मतलब टीडीएस काटकर सरकार को जमा करवाया है तो कर्मचारी के लिए इनकम टैक्स रिटर्न भरना आवश्यक हो जाता है। ऐसा इसलिए हैं क्योंकि इनकम टैक्स विभाग का कहना है- रिटर्न फाइल करना जिम्मेदारी है। चाहे आपकी कमाई पर टैक्स लगे या नहीं लगे।
इस बात को एक उदाहरण से समझते है। यदि आपकी कोई प्रॉपर्टी किराए पर दी है। इससे आपको रेंटल इनकम होती है या आपको एफडी पर ब्याज मिलता है। इससे सालाना 10 हजार रुपए से अधिक ब्याज पर टैक्स लगता है। आपको दूसरे स्रोत से भी कमाई हो रही है। आप आईटीआर फाइल नहीं करते हैं तो विभाग आपको टैक्स चोरी के मामले में नोटिस भेज सकता है।
