जिले के 261 गांव ओडीएफ प्लस मॉडल कैटेगरी में
बुरहानपुर/2 अगस्त, 2023/-बुरहानपुर जिला फाइव स्टार रैंक में शामिल हो गया है। अब प्रदेश में पाँच ज़िले ओडीएफ प्लस है, जिसमें बुरहानपुर जिला भी शामिल हो गया है। जिले में स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण हेतु ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जिले के 261 ग्रामों में विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित है। जैसे अभियान के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अंतर्गत ग्रामों में घर-घर से कचरा संग्रहण हेतु कचरा गाड़ी का उपयोग किया जा रहा है तथा कचरे के उचित निपटान हेतु नाडेप बनाए जा रहे हैं। तरल अपशिष्ट प्रबंधन में पर्याप्त रूप से सोकपिट और लीचपिट निर्माण किया गया है। आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त लीचपीट का निर्माण भी किया जा रहा है। जिससे व्यर्थ पानी सड़क पर ना आने पाये, घर से निकलने वाले पानी के लिए आवश्यकता अनुसार नालियों का भी निर्माण किया जा रहा है तथा नालियों से निकलने वाले तरल अपशिष्ट के उचित निपटान हेतु डब्ल्यूएसपी तथा अन्य संरचनाओं का निर्माण भी किया जा रहा है।
वहीं ग्राम पंचायतों में किये जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों के फलस्वरुप जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार परिवर्तन दिखाई दे रहा है तथा ग्रामीण परिवेश में स्वच्छ वातावरण का निर्माण हो रहा है। दृश्य स्वच्छता के भीे लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी के परिणाम स्वरूप जिले के समस्त ग्राम ओडीएफ प्लस मॉडल कैटेगरी में शामिल होकर जिले को 5 स्टार रैंक कैटेगरी प्राप्त हुई है।